Breaking News

नोएडा में परिवहन कार्यालय के सर्वर ठप, दो दिन से अटके काम, मायूस होकर लौट रहे लोग

top-news
नोएडा के सेक्टर 32ए स्थित परिवहन कार्यालय में सर्वर ठप होने से दो दिन से कामकाज प्रभावित है। ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी ट्रांसफर और टैक्स से जुड़े कार्य रुके हैं। लोग घंटों इंतजार के बाद लौट रहे हैं। अधिकारियों ने जल्द सर्वर बहाल करने का आश्वासन दिया है।

नोएडा। सेक्टर 32ए स्थित परिवहन विभाग में तकनीकी खामी के चलते शुक्रवार शाम करीब 5 बजे से सर्वर ठप हो गया, जिसका असर शनिवार को भी जारी रहा। सर्वर डाउन होने से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। लगातार दूसरे दिन कामकाज बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


जरूरी काम लेकर पहुंचे लोग लौटे मायूस
शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग परिवहन कार्यालय पहुंचे, लेकिन सर्वर बंद होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि वे जरूरी काम के लिए छुट्टी लेकर आए थे, लेकिन उनका काम नहीं हो सका। खासतौर पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, आरसी ट्रांसफर कराने और टैक्स जमा करने वाले आवेदकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कई लोग घंटों तक इंतजार करते रहे, लेकिन सर्वर चालू नहीं हुआ।


तकनीकी खामी दूर करने में जुटे अधिकारी
कार्यालय के कर्मचारियों के मुताबिक, सर्वर में आई तकनीकी समस्या को ठीक करने के लिए BSNL के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। हालांकि, देर शाम तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी थी। इस दौरान एजेंटों और आम लोगों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी रही और कामकाज पूरी तरह ठप रहा।


लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि सर्वर जल्द बहाल कर लिया जाएगा और जिन लोगों के काम रुके हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। बावजूद इसके, लगातार दूसरे दिन काम बंद रहने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *