नोएडा में श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जिला प्रशासन का बड़ा कदम, डीएम ने दिए नियमित मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश
- Shiv Kumar
- 18 Apr, 2026
नोएडा में श्रमिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पताल संचालकों के साथ अहम बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों, कंस्ट्रक्शन साइट्स और लेबर कॉलोनियों में नियमित मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य लाखों श्रमिकों और उनके परिवारों को समय पर इलाज और जांच की सुविधा देना है।
औद्योगिक क्षेत्रों में लगेंगे मेडिकल कैंप
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश की आर्थिक राजधानी है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। ऐसे में उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने निजी अस्पतालों से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड का उपयोग करते हुए नियमित मेडिकल कैंप आयोजित करने को कहा। खासतौर पर महिला श्रमिकों के लिए विशेष जांच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल मेडिकल वैन और मिनी ओपीडी पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रमिक बहुल क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल वैन और मिनी ओपीडी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेडिकल कैंप में नेत्र परीक्षण, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच भी कराई जाएगी। जरूरतमंदों को चश्मा उपलब्ध कराने और मोतियाबिंद के इलाज की सुविधा भी दी जाएगी।
अस्पतालों को माइक्रो प्लान बनाने के निर्देश
सभी निजी अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर माइक्रो प्लान तैयार करने और एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और जिम्स में पर्याप्त डॉक्टर, दवाइयां और उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक अस्पतालों को जोड़ने के लिए भी कार्ययोजना बनाने की बात कही गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






