सगाई समारोह में सूट-बूट पहनकर घुसा चोर, 5 लाख कैश और जेवर से भरा बैग लेकर फरार

top-news
नोएडा के सेक्टर 49 में सगाई समारोह के दौरान सूट-बूट पहने एक शातिर चोर ने 5 लाख रुपये और जेवर से भरा बैग चुरा लिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

नोएडा के सेक्टर 49 स्थित डायमंड क्रॉउन बैंक्विट हॉल में एक सगाई समारोह के दौरान चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक शातिर चोर ने मेहमान बनकर एंट्री ली और लड़की पक्ष का करीब 5 लाख रुपये नकद और आभूषणों से भरा बैग चुराकर फरार हो गया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। समारोह में मौजूद लोग रस्मों में व्यस्त थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।


मेहमान बनकर पहुंचा, पहले खाना खाया फिर की चोरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक सूट-बूट पहनकर बैंक्विट हॉल में दाखिल हुआ और खुद को मेहमानों में शामिल कर लिया। वह काफी देर तक हॉल में घूमता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि उसने पहले आराम से खाना खाया और माहौल को भांपता रहा। इसके बाद उसकी नजर उस बैग पर पड़ी जिसमें नकदी और आभूषण रखे थे। सही मौका मिलते ही उसने बेहद चालाकी से बैग उठाया और बिना किसी को भनक लगे बाहर निकल गया।


सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम, पुलिस जांच में जुटी
घटना का खुलासा तब हुआ जब कुछ देर बाद पीड़ित परिवार को बैग नहीं मिला। इसके बाद हॉल में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपी की पूरी हरकत साफ दिख रही है। पीड़ित पक्ष ने सेक्टर 49 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *