ग्रेटर नोएडा में घर में घुसकर युवक को मार दी गोली, पुरानी रंजिश में वारदात, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
- Shiv Kumar
- 21 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मुतैना गांव में घर में घुसकर युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 14 अप्रैल की बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
घर में अकेला था युवक, तभी हुआ हमला
पीड़ित पक्ष की मोनिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भांजा अंकी कई सालों से उनके साथ रह रहा है। घटना वाले दिन वह अपने ससुर के साथ किसी काम से घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान युवक घर में अकेला था। जब मोनिका वापस लौटीं, तो उन्होंने पड़ोस के तीन लोगों को उनके घर से निकलकर भागते हुए देखा। पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन शक होने पर जब वह घर के अंदर गईं, तो वहां का मंजर देख दंग रह गईं। उनका भांजा अंकी खून से लथपथ हालत में पड़ा था और उसके पैर में गोली लगी हुई थी।
पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
घटना के बाद घायल अंकी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों से उनका पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।
मोनिका ने अपनी शिकायत में पड़ोस के ही अमित, कृष्णपाल और छोटे नाम के तीन लोगों पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह हमला पहले से रची गई साजिश का हिस्सा था और जान से मारने की नीयत से किया गया।
पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया केस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में पहले भी इन पक्षों के बीच विवाद हो चुका है, जिससे यह घटना और ज्यादा संदिग्ध हो जाती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






