गाजियाबाद में गोल मार्केट में लगी भीषण आग, एक तरफ से 100 दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान से मचा हाहाकार
- Shiv Kumar
- 21 Apr, 2026
गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में मंगलवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गोल मार्केट में बनी करीब 100 से अधिक दुकानों में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस हादसे में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
100 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक दुकानें इसकी चपेट में आती चली गईं। दुकानों में रखे सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानों से सामान बचाने की कोशिश करते नजर आए। लेकिन आग की भयावहता के आगे कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका। इस घटना से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
हाईराइज बिल्डिंग तक पहुंची आग, फ्लैट भी प्रभावित
आग की लपटों और उठती चिंगारियों ने पास में बनी हाईराइज बिल्डिंग के 18वें फ्लोर तक असर डाला। इससे एक फ्लैट में भी आग लग गई, जहां रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जल गया। यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी, लेकिन समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया। दमकल की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल की टीम ने पाया काबू, बड़ी घटना टली
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता के कारण आग को आसपास के अन्य इलाकों में फैलने से रोक लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बिल्डर पर उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि बिल्डर द्वारा मोटी रकम लेने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। आग बुझाने के लिए मौके पर कोई प्राथमिक व्यवस्था नहीं थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। लोगों ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






