दिल्ली में बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगेस्टर शहजाद भट्टी गैंग के दो युवकों को दबोचा
- Shiv Kumar
- 21 Apr, 2026
राजधानी दिल्ली में एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान बेस्ड गैंगस्टर शाहज़ाद भट्टी के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित हमले को टाल दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया के जरिए बने गैंग के सदस्य
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से गैंगस्टर शाहज़ाद भट्टी के संपर्क में आए थे। इसके बाद उन्हें टारगेट किलिंग, फायरिंग और ग्रेनेड हमलों जैसे गंभीर अपराधों के लिए तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को इस तरह फंसाकर अपराध की दुनिया में धकेलने का यह एक खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा है।
इनपुट के आधार पर ऑपरेशन, दो चरण में गिरफ्तारी
स्पेशल सेल को पहले से इनपुट मिला था कि दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही है। इसी आधार पर 31 मार्च 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान 16 अप्रैल को विवेक बंजारा को ग्वालियर के डबरा से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 18 अप्रैल को मुख्य आरोपी राजवीर को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार, वह उस समय किसी बड़े होटल पर फायरिंग की योजना बना रहा था।
हथियार बरामद, मोबाइल से मिले अहम सुराग
पुलिस ने राजवीर के पास से एक पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो और वॉइस नोट भी मिले हैं, जो इस साजिश की पुष्टि करते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों को अलग-अलग शहरों से हथियार जुटाने और वारदात को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस इन डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
देश के कई शहरों से जुड़ी साजिश, जांच जारी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मार्च 2026 में शाहज़ाद भट्टी ने राजवीर को अहमदाबाद से हथियार लाने को कहा था। इसके बाद दोनों आरोपी अमृतसर गए, जहां से उन्हें हथियार और नकदी मिली। आरोप है कि पंजाब के ज़ीरकपुर में एक क्लब पर फायरिंग की कोशिश भी की गई, हालांकि तकनीकी खराबी के कारण हमला सफल नहीं हो पाया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






