ग्रेटर नोएडा के बंद कमरे से आ रही थी बदबू, कमरा खुला तो मिला गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड का शव, लिव इन में रह रहे थे दोनों

top-news
ग्रेटर नोएडा में बंद कमरे से लिव-इन कपल के शव मिले। युवक फंदे पर लटका मिला, युवती जमीन पर मृत पाई गई। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका में जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक किराए के मकान के बंद कमरे से युवक और युवती के शव बरामद हुए। दोनों लिव-इन में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। बुधवार देर रात आसपास के लोगों को कमरे से बदबू आने लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। युवक का शव पंखे से लटका मिला, जबकि युवती का शव फर्श पर पड़ा था। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जता रही है।


तीन साल से साथ रह रहे थे, आर्थिक तंगी से बढ़ा तनाव

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) और ज्योति (24) के रूप में हुई है। दोनों पिछले तीन साल से साथ रह रहे थे। ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी, लेकिन वह पिछले करीब 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी। वहीं, गुड्डू बेरोजगार था। पड़ोसियों ने बताया कि आर्थिक तंगी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। पिछले दो दिनों से दोनों को किसी ने नहीं देखा था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना दो दिन पुरानी हो सकती है।


बदबू आने पर खुला राज, पुलिस ने शुरू की जांच

स्थानीय लोगों को जब कमरे से तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने बताया कि युवक ने कमरे में फांसी लगाई थी, जबकि युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके की जांच कराई गई। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।


हर एंगल से जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *