नोएडा में फर्जी बैनामा कराने वाले गिरोह को पुलिस ने दबोचा, दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार, करोड़ों का चूना लगाने का आरोप

top-news
ग्रेटर नोएडा के जारचा क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री कर जमीन बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। गिरोह अब तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है। पुलिस मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री कर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अब तक करीब तीन करोड़ तीन लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय एक बड़े जमीन घोटाले का खुलासा हुआ है, जिससे कई लोगों के साथ धोखाधड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।


इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली सफलता, समाना नहर के पास दबिश
डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह के मुताबिक, पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर से अहम जानकारी मिली थी। इसी आधार पर टीम ने समाना नहर के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में गाजियाबाद निवासी प्रदीप राणा और बिहार निवासी खुशबू व ज्योत्सना शामिल हैं। इनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो एन कार, चार एटीएम कार्ड और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन बरामद चीजों के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी है।


गांव से बाहर रहने वालों की जमीन बनती थी निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक बड़ा गिरोह है, जिसका सरगना टीटू राणा है। इस गिरोह में करीब 20 से 25 लोग शामिल हैं, जिनमें महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं। गिरोह खासतौर पर उन जमीनों को निशाना बनाता था, जिनके मालिक गांव में नहीं रहते थे। आरोपी पहले फर्जी दस्तावेज तैयार करते, फिर जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों को फंसाकर उनके नाम पर बैनामा कर देते थे। जब खरीदार जमीन पर कब्जा लेने पहुंचता था, तब उसे ठगी का पता चलता था। इसी तरीके से जारचा क्षेत्र में तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई।


मुख्य सरगना फरार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रदीप राणा का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और उसके खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके भाई और गिरोह के सरगना टीटू उर्फ गौरव पर भी कई केस दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *