ग्रेटर नोएडा में Lenskart के शोरूम में बवाल, जमकर हुई मारपीट, धार्मिक विवाद पर बहस के बाद ग्राहक ने कर्मचारी को पीटा
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित एक शोरूम में ग्राहक और कर्मचारी के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। यह पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। जानकारी के अनुसार, घटना 23 अप्रैल 2026 की शाम की है, जब शोरूम में काम कर रहे कर्मचारी और एक ग्राहक के बीच किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बहस से बढ़ा विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि कर्मचारी सूरज और ग्राहक के बीच कंपनी से जुड़ी कथित अफवाहों को लेकर बहस शुरू हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई। आरोप है कि ग्राहक ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान शोरूम में मौजूद अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को संभाला और झगड़ा शांत कराया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार
मारपीट की घटना के बाद आरोपी ग्राहक मौके से भाग निकला। पीड़ित कर्मचारी सूरज ने मामले की शिकायत थाना बीटा-2 पुलिस से की है। घटना के बाद से ही पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसे जांच का अहम आधार बनाया जा रहा है। फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






