कंपनी की लापरवाही से गई कर्मचारी जान, मशीन में झुलसकर हुई मौत, लापरवाही के आरोप में मालिक पर केस दर्ज
- Shiv Kumar
- 28 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि काम के दौरान मशीन के अंदर झुलसने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी मालिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से औद्योगिक क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले ही दी थी मशीन खराब होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के भनेड़ा गांव निवासी संचित त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके चाचा प्रदीप कुमार ईकोटेक-1 स्थित एक कंपनी में फिटर के पद पर कार्यरत थे। संचित का आरोप है कि प्रदीप ने कुछ समय पहले ही कंपनी प्रबंधन को मशीन की खराब हालत के बारे में अवगत कराया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि मशीन जर्जर स्थिति में है और उस पर काम करना खतरनाक हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
काम के दौरान झुलसे, अस्पताल में तोड़ा दम
शिकायत के मुताबिक, 17 अप्रैल की रात काम के दौरान प्रदीप मशीन के अंदर बुरी तरह झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी अगले दिन अन्य कर्मचारियों से मिली। कई दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार को प्रदीप की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में तीन से चार अन्य कर्मचारी भी झुलसे हैं, जिनका इलाज अभी जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
ईकोटेक-1 कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे की शिकायत पर कंपनी मालिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






