नोएडा में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग, मच गया हड़कंप, गरीबों के आशियाने और राशन-पानी जलकर राख
- Shiv Kumar
- 28 Apr, 2026
नोएडा के सेक्टर-76 स्थित झुग्गियों में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। संकरी गलियों और झुग्गियों के बीच आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
दुकान भी जली, लाखों का नुकसान
इस आगजनी की घटना में झुग्गियों के साथ-साथ पास की एक दुकान भी आग की चपेट में आ गई, जिसमें रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
जांच में जुटी पुलिस
यह घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






