जनगणना प्रशिक्षण शिविर का एसीईओ ने लिया जायजा, प्रशिक्षण से गायब रहने वालों पर दर्ज होगी विभागीय कार्रवााई

top-news
ग्रेटर नोएडा में जनगणना-2027 के प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन 24 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। प्राधिकरण ने इसे गंभीर मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है, ताकि जनगणना कार्य में किसी तरह की लापरवाही न हो।

भारत की जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियों के तहत ग्रेटर नोएडा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हो गई है। नॉलेज पार्क-4 स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में आयोजित इस प्रशिक्षण में करीब 3000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाना है। पहले दिन 225 कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 201 ने भाग लिया, जबकि 24 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। प्राधिकरण ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया है और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण कार्य पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ किया जाना चाहिए।


प्रशिक्षण में नदारद कर्मचारियों पर सख्ती
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने साफ कहा कि जो कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य देश की आधारभूत योजना और विकास से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को मकानों की गणना, डेटा संग्रह और सूची तैयार करने के तरीके विस्तार से बताए जा रहे हैं, ताकि वे फील्ड में बेहतर तरीके से काम कर सकें।


अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण का जायजा
मंगलवार को एसीईओ सुमित यादव ने ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी अजय शर्मा और वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह के साथ प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को जनगणना के काम को रुचिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सही और सटीक आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं का आधार बनते हैं, इसलिए हर कर्मचारी की भूमिका बेहद अहम है। प्राधिकरण की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कर्मचारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण मिले और किसी भी तरह की कमी न रह जाए, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *