ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट की बालकनी में जल रहा था दीपक, अचानक लग गई आग, सामान जलकर राख
- Shiv Kumar
- 29 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की Nirala Estate Society में एक फ्लैट की बालकनी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह आग बालकनी में बने मंदिर में जल रहे दीपक से फैली। घटना बिसरख थाना क्षेत्र के टावर-8 के फ्लैट नंबर 1603 में हुई, जहां बृज किशोर अपने परिवार के साथ रहते हैं। आग लगते ही परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते मेंटेनेंस टीम की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
दीपक की लौ से फैली आग, मंदिर और सामान जला
जानकारी के अनुसार, परिवार ने पूजा-पाठ के बाद बालकनी में बने लकड़ी के मंदिर में दीपक जलाया था। इसी दौरान दीपक की लौ से मंदिर में रखी मूर्तियां और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने बालकनी में रखे अन्य सामान को भी पकड़ लिया और लपटें तेज हो गईं। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत मेंटेनेंस विभाग को अलर्ट किया।
मेंटेनेंस टीम ने दिखाई तत्परता, आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही सोसायटी के मेंटेनेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे आग की सूचना मिली थी और दमकल की गाड़ी भी रवाना की गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया था।
कोई जनहानि नहीं, सुरक्षा को लेकर चेतावनी
इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और आग केवल बालकनी तक ही सीमित रही। हालांकि, इस हादसे ने एक बार फिर फ्लैट्स में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि खुले स्थानों या बालकनी में जलते दीपक और ज्वलनशील सामान के बीच दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






