सौतेली बेटी की लाश को झाड़ियो में फेंका, फिर खुद लिखवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट, पूरा मामला जान कांप जाएगी रूह

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। सौतेले पिता ने मारपीट के दौरान बेटी की जान ले ली और शव छिपाकर खुद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। 14 वर्षीय किशोरी की हत्या उसी के सौतेले पिता ने कर दी और बाद में खुद ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि एक पिता ही अपनी बेटी का कातिल निकला।


गुमशुदगी के बहाने रची थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, 21 अप्रैल को सुरेंद्र नाम के व्यक्ति ने अपनी बेटी अंजली के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 20 अप्रैल को अंजली दूध लेने गई थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। गहराई से पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता और किशोरी के बीच अक्सर विवाद होता था। शक गहराने पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।


मारपीट में हुई मौत, शव झाड़ियों में छिपाया
पुलिस जांच में सामने आया कि 20 अप्रैल को हुए विवाद के दौरान सुरेंद्र ने अंजली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डर के कारण उसने शव को कानीगढ़ी और जेवर खादर के बीच यमुना पुस्ता रोड किनारे शीशम की झाड़ियों में छिपा दिया। 28 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


हत्या का मामला दर्ज, भेजा गया जेल
पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *