ग्रेटर नोएडा की पंचशील सोसायटी में पानी का संकट, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, टैंकरों के आगे लगी लंबी लाइनें
- Shiv Kumar
- 29 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी पंचशील ग्रीन-2 में पिछले दो दिनों से जारी जल संकट ने हजारों परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। पानी की सप्लाई ठप होने के कारण लोग बूंद-बूंद पानी के लिए जूझते नजर आए। सोसायटी में टैंकरों के सामने लंबी कतारें लग गईं, जहां लोग बाल्टियों और बोतलों में पानी भरने के लिए संघर्ष करते दिखे। बिना किसी पूर्व सूचना के पानी बंद होने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई।
बिना सूचना पानी बंद, लोगों की दिनचर्या हुई प्रभावित
निवासियों के मुताबिक मंगलवार देर रात से ही पानी की किल्लत शुरू हो गई थी। बुधवार सुबह जब लोग उठे तो घरों के नलों में पानी नहीं था। इससे ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों के परिवारों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। लोगों का कहना है कि अचानक पानी बंद होने की कोई जानकारी पहले नहीं दी गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मेंटेनेंस टीम पर लापरवाही के आरोप
घंटों इंतजार के बावजूद मेंटेनेंस टीम की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। भारी मेंटेनेंस चार्ज देने के बावजूद पानी जैसी बुनियादी सुविधा न मिलना निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गुस्साए लोग अपने-अपने फ्लैट से नीचे उतर आए और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
टैंकर भी पड़े कम, पाइप फटने से बढ़ी दिक्कत
प्रबंधन की ओर से पानी के टैंकर मंगवाए गए, लेकिन वे जरूरत के मुकाबले कम साबित हुए। टैंकर आते ही उनके सामने लंबी लाइनें लग गईं। कई महिलाओं ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद उन्हें पानी मिल पाया। वहीं, मेंटेनेंस टीम ने सफाई दी है कि मुख्य पाइप फटने की वजह से सप्लाई बाधित हुई है। मरम्मत का काम जारी है और जल्द ही पानी की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






