नोएडा में 30 एकड़ जमीन पर बन रहा एनसीआर का पहला डियर पार्क, अक्टूबर तक होगा शुभारंभ, सेंट्रल जू अथॉरिटी की पहल पर निर्माण
- Shiv Kumar
- 30 Apr, 2026
नोएडा के सेक्टर-91 में बन रहे डियर पार्क को लेकर प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब 30 एकड़ में विकसित हो रहे इस पार्क की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में परियोजना और उद्यान विभाग के अधिकारी, वन्यजीव विशेषज्ञ और रिटायर्ड वन अधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने पार्क के एंट्री प्लाजा, हिरणों के लिए बनाए जा रहे इनक्लोजर, हरित क्षेत्र और विजिटर सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि पार्क आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पूरा प्रोजेक्ट तय समय में पूरा हो।
आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार होगा पार्क
बैठक में साफ किया गया कि डियर पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोगों को एक बेहतर अनुभव मिल सके। पार्क में बैटरी से चलने वाली गोल्फ कार्ट की व्यवस्था होगी, जिससे लोग आराम से पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा ईवी चार्जिंग स्टेशन, साफ-सुथरे टॉयलेट, पेयजल की व्यवस्था और धूप से बचाव के लिए शेड व हट भी बनाए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी सुविधाओं का निर्माण तेजी से पूरा किया जाए, ताकि पार्क के उद्घाटन से पहले सब कुछ तैयार हो सके।
अक्टूबर 2026 तक उद्घाटन का लक्ष्य
प्राधिकरण ने इस परियोजना को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डियर पार्क का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाए और अक्टूबर 2026 तक इसका उद्घाटन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों का मानना है कि यह पार्क नोएडा ही नहीं, बल्कि पूरे गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ा आकर्षण केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय लोगों को प्रकृति के करीब आने का मौका मिलेगा और शहर को एक नई पहचान भी मिलेगी।
वन्यजीव संरक्षण और जागरूकता पर रहेगा फोकस
डियर पार्क को केवल घूमने-फिरने की जगह के रूप में नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार हिरणों समेत कई वन्यजीव प्रजातियों की संख्या लगातार घट रही है, ऐसे में यह पार्क उनके सुरक्षित आवास के रूप में काम करेगा। यहां आने वाले लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के बारे में जागरूक भी किया जाएगा। यह पार्क मिनी चिड़ियाघर की तर्ज पर एक स्वतंत्र इकाई के रूप में तैयार किया जाएगा, जिससे परिवारों, बच्चों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






