ग्रेटर नोएडा में LLB के छात्र को तीन गोलियां मारकर पड़ोसियों ने की हत्या, 4 दिन पहले हुआ था झगड़ा
- Shiv Kumar
- 06 May, 2026
नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एलएलबी के 25 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों और उनके साथियों ने अंजाम दिया। छात्र को तीन गोलियां मारी गईं, जिनमें एक सीने और दो पेट में लगीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन घायल छात्र को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चार दिन पहले नाली की सफाई और कूड़ा डालने को लेकर आरोपियों और छात्र के बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह से लौटते वक्त घेरकर किया हमला
साकीपुर गांव निवासी साजन एलएलबी सेकेंड ईयर का छात्र था और नियमित रूप से जिम भी जाता था। छोटे भाई बॉबी के मुताबिक, मंगलवार रात साजन अपने दोस्त की शादी समारोह से कार से घर लौटा था। रात करीब 12:30 बजे जैसे ही उसने घर के अंदर गैलरी में कार खड़ी की, तभी पड़ोस में रहने वाले वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू, उनका दोस्त श्रीपाल और कुछ अन्य लोग वहां आ गए। आरोप है कि श्रीपाल ने साजन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मंगेश ने पिस्टल निकाल ली। जान बचाने के लिए साजन घर के अंदर भागा, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए अंदर तक पहुंच गए और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह घर की फर्श पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।
चार दिन पुराने विवाद को बताया वजह
परिजनों का कहना है कि चार दिन पहले नाली में कूड़ा डालने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। उस दौरान कोई मारपीट भी नहीं हुई थी और न ही किसी तरह की पुरानी दुश्मनी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने साजन की हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है। पुलिस ने घरवालों की शिकायत पर वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू, उनकी मां वीरबती, दोस्त श्रीपाल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






