LLB छात्र साजन भाटी हत्याकांड, आरोपी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बेटों को उकसाने का लगा आरोप, दोनों बेटे पहले ही जेल में

top-news
ग्रेटर नोएडा के साजन भाटी हत्याकांड में फरार आरोपी वीरवती को सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने बेटों को हत्या के लिए उकसाया था। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में एलएलबी छात्र साजन भाटी हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूरजपुर पुलिस ने फरार चल रही आरोपी महिला वीरवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पर अपने बेटों को हत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इस मामले में पहले ही दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।


नाली और कूड़े के विवाद में हुई थी हत्या

यह सनसनीखेज वारदात 5/6 मई 2026 की रात साकीपुर गांव में हुई थी। 25 वर्षीय एलएलबी छात्र साजन भाटी को पड़ोसियों ने गोली मार दी थी। बताया गया कि नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात साजन एक शादी समारोह से लौटकर घर जा रहा था, तभी पहले से मौजूद आरोपियों ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए साजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसे तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था। मृतक और आरोपी एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।


पहले दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार, एक अब भी फरार

मृतक के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने मंगेश उर्फ टिल्लू भाटी, वीर सिंह, उनकी मां वीरवती और एक चचेरे भाई के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने पहले ही मंगेश और वीर सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गुरुवार को सूरजपुर पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर वीरवती पत्नी कालू को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *