नोएडा में व्यापारी को लगा दिया 57 लाख का चूना, मुनाफे का झांसा देकर किया कांड, रकम निकालने गए तो पता चला हो गए बर्बाद
- Shiv Kumar
- 08 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-53 में रहने वाले एक कारोबारी के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से करीब 57 लाख रुपए ठग लिए। ठगों ने पहले वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए भरोसा जीता और फिर फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश करवाकर लाखों रुपए हड़प लिए। मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई गई है, जिसके बाद साइबर सेल जांच में जुट गई है।
वॉट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ ठगी का खेल
सेक्टर-53 गिझौड़ निवासी विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी को उन्हें “मार्केट इंफॉर्मेशन कंसल्टिंग क्लब (308)” नाम के एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ी सलाह दी जाती थी। शुरुआत में ग्रुप में बताई गई जानकारी के आधार पर अच्छा मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ता गया। कुछ दिनों बाद ग्रुप एडमिन ने उन्हें एक कथित ट्रेडिंग वेबसाइट “एम. कैलामोसाडू डॉट कॉम” पर निवेश करने की सलाह दी। ठगों ने दावा किया कि इस प्लेटफॉर्म पर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाया जा सकता है। पीड़ित ने 24 फरवरी को पहली बार 50 हजार रुपए निवेश किए।
24 ट्रांजेक्शन में ट्रांसफर किए 56.93 लाख रुपए
विकास कुमार ने 24 फरवरी से 11 अप्रैल के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 24 ट्रांजेक्शन के जरिए 56 लाख 93 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। वेबसाइट पर उनके खाते में लगातार मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा, जिससे उन्हें विश्वास हो गया कि उनका पैसा सुरक्षित है। लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रकम जमा नहीं करने पर निकासी रोक दी गई। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने कई बार कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया। फिलहाल यूपी पुलिस की साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






