ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी विवाद में पिता बना हैवान, अपने ही बेटे की हत्या कर तालाब में फेंका, परिवार को फसाने की थी साजिश

top-news
ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र में एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने ही 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने ही 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने परिवार के अन्य लोगों को फंसाने की साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। बच्चे का शव सिरसा गांव स्थित 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 7 मई 2026 को थाना कासना में एक 13 वर्षीय लड़के के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय बच्चों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि लापता बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता से सख्ती से पूछताछ की।


पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा आरोपी पिता

शुरुआत में आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि उसने अपने बेटे को गुलिस्तानपुर गांव में अपने एक दोस्त के पास छोड़ा है और वह खुद बच्चे को बरामद करा देगा। लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ, क्योंकि वह बार-बार बयान बदल रहा था और जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा था। देर शाम थाना कासना पुलिस को सूचना मिली कि लापता बच्चे का शव सिरसा गांव में तालाब के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या उसके पिता ने ही की थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अपने परिवार के कुछ सदस्यों को प्रॉपर्टी विवाद में फंसाना चाहता था, इसलिए उसने अपने बेटे की हत्या कर वारदात को दूसरी दिशा देने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


एकलौते बेटे की हत्या से परिवार में मातम

बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दुख का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोई पिता अपने बेटे के साथ ऐसा कर सकता है, यह सोच पाना भी मुश्किल है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और घटना के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों को लेकर और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *