ग्रेटर नोएडा में शादी के तीन महीने बाद युवती की मौत, मां ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

top-news
ग्रेटर नोएडा में शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता मोनिका की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर 5 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

ग्रेटर नोएडा में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रॉपर्टी के लालच में बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव की है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि मोनिका के नाम करीब 5 करोड़ रुपए की संपत्ति थी और इसी संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए ससुराल वाले उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।


प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

बरौला गांव निवासी रेनू नागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मोनिका ने करीब तीन महीने पहले घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान से प्रेम विवाह और कोर्ट मैरिज की थी। मोनिका के पिता महाराज सिंह नागर किसान थे, जिनका कुछ साल पहले निधन हो चुका है। परिवार के मुताबिक, मोनिका के नाम दुजाना और बरौला गांव में करोड़ों की संपत्ति थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अनुज चौहान, उसके पिता हरेंद्र और परिवार के अन्य लोग मोनिका पर संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों का कहना है कि मोनिका कई बार फोन पर अपनी परेशानी बता चुकी थी, लेकिन परिवार ने रिश्ते को बचाने के लिए समझौता करने की कोशिश की।


मौत से पहले मां को किया था फोन

मोनिका की मां रेनू नागर ने बताया कि बुधवार दोपहर बेटी ने फोन कर बताया था कि उसके पति, ससुर और अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत घोड़ी बछेड़ा गांव पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरोपी मोनिका को फॉर्च्यूनर गाड़ी में डालकर कहीं ले जा रहे थे। आरोप है कि उसे एक प्लॉट पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि प्रेम विवाह होने की वजह से शादी में दहेज नहीं दिया गया था, लेकिन संपत्ति के लालच में बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *