निर्माणधीन हॉस्टल परिसर में दो मजदूरों की मौत का मामला, आरोपी से पुलिस की हुई मुठभेड़, पैर में लगी गोली
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में दो मजदूरों की हत्या के आरोपी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, दो मजदूरों की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में मजदूरों के बीच शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अभिषेक ने पहले एक मजदूर के सिर पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसे डर हुआ कि दूसरा मजदूर घटना की जानकारी पुलिस को दे सकता है, इसलिए उसने दूसरे मजदूर की भी फावड़े से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी करीब चार घंटे तक शवों के पास बैठकर शराब पीता रहा और फिर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई थीं। लगातार दबिश के बाद आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया गया।
फरार आरोपी की तलाश में चल रहा था अभियान
नॉलेज पार्क थाना पुलिस के मुताबिक दोहरे हत्याकांड के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। घटना के बाद निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में काम करने वाले मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






