नोएडा में बढ़ती पार्किंग की समस्या को लेकर प्राधिकरण ने लिया अहम फैसला, तीन नई पार्किंग बनाने की तैयारी

top-news
नोएडा प्राधिकरण शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को कम करने के लिए सेक्टर-15, 62 और 124 में नई पजल पार्किंग बनाएगा। तीनों पार्किंग में करीब 300 वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

नोएडा में लगातार बढ़ रही पार्किंग समस्या को दूर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। शहर के तीन और सेक्टरों में पजल पार्किंग बनाई जाएगी, जिसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक सेक्टर-15, सेक्टर-62 और सेक्टर-124 में आधुनिक पजल पार्किंग विकसित की जाएगी। तीनों पार्किंग में करीब 100-100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। प्राधिकरण का कहना है कि शहर में कई जगहों पर पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए कम जगह में ज्यादा वाहन खड़े करने के लिए पजल पार्किंग सिस्टम को बढ़ावा दिया जा रहा है। सेक्टर-62 की पार्किंग के लिए दोबारा टेंडर जारी किया गया है और इस महीने तकनीकी बिड खोली जाएगी। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।


कम जगह में ज्यादा वाहन खड़े करने की तैयारी

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार जिन सेक्टरों में नई पजल पार्किंग बनाई जानी है, वहां लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई है। कई जगहों पर सरफेस पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। ऐसे में आधुनिक तकनीक वाली पजल पार्किंग को बेहतर विकल्प माना जा रहा है। इस सिस्टम में मशीनों की मदद से वाहन कम जगह में व्यवस्थित तरीके से पार्क किए जाते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे सड़क किनारे वाहन खड़े करने की समस्या कम होगी और ट्रैफिक भी सुचारु रहेगा। तीनों प्रस्तावित पार्किंग में कुल 300 से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य व्यस्त सेक्टरों में भी इसी तरह की पार्किंग विकसित की जा सकती है।


3 से 6 मिनट में पार्क होगी कार

प्राधिकरण के मुताबिक पजल पार्किंग सिस्टम में वाहन खड़ा करने में केवल 3 से 6 मिनट का समय लगेगा। जबकि सामान्य बहुमंजिला पार्किंग में यही प्रक्रिया 10 से 15 मिनट तक लेती है। इससे लोगों का समय भी बचेगा और पार्किंग व्यवस्था अधिक सुविधाजनक होगी। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-63 में शहर की पहली पजल पार्किंग का निर्माण कार्य करीब एक महीने पहले शुरू हो चुका है। वहां 100 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग तैयार की जा रही है। प्राधिकरण का दावा है कि इसके शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा। साथ ही लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सकेगी। नोएडा में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट के तहत इस योजना को अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *