नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अकासा एयरलाइन भी जारी कर सकता है बुकिंग शेड्यूल, 30 शहरों के लिए बढ़ेगी कनेक्टिविटी
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इंडिगो के बाद अब अकासा एयर ने भी 16 जून से अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर ली है। एयरलाइन जल्द ही टिकट बुकिंग, फ्लाइट शेड्यूल और किराए की घोषणा कर सकती है। इससे नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट से शुरुआत में देश के कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों की शुरुआत के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर और आसपास के जिलों के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। इंडिगो पहले ही टिकट बुकिंग शुरू कर चुकी है और अब दूसरी एयरलाइंस के जुड़ने से यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे। माना जा रहा है कि प्रतिस्पर्धा बढ़ने से किराए में भी राहत मिल सकती है।
30 शहरों के लिए जल्द जारी होगा पूरा शेड्यूल
अधिकारियों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरुआत में करीब 30 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। इनमें अयोध्या समेत कई बड़े धार्मिक, पर्यटन और कारोबारी शहर शामिल होंगे। एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ भी बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है। अगर तीनों एयरलाइंस की सेवाएं शुरू हो जाती हैं, तो एयरपोर्ट से देशभर के कई हिस्सों तक सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। एयरलाइंस कंपनियां अपने-अपने शेड्यूल और किराए जल्द जारी करेंगी। फिलहाल इंडिगो ने अपनी समय सारिणी जारी करते हुए 16 शहरों के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आने वाले समय में यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर के बड़े एविएशन हब के रूप में उभर सकता है।
15 जून से शुरू होंगी कामर्शियल उड़ानें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से कामर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू होने जा रहा है। एयरपोर्ट का पहला चरण तैयार हो चुका है और सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद उड़ानों की तारीख तय की गई है। एयरपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी पर भी काम चल रहा है। एयरपोर्ट के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा और पश्चिमी यूपी के लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। एविएशन सेक्टर के जानकारों का मानना है कि नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में हवाई यातायात का दबाव भी कम होगा। साथ ही रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






