ग्रेटर नोएडा में रोटरी क्लब ने 100 छात्राओं को बाँटी निशुल्क साइकिलें, महिला सशक्तिकरण के तहत किया गया वितरण
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित बिहारीलाल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को छात्राओं के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट की ओर से महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंद सहायता अभियान के तहत 100 छात्राओं को निशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, अभिभावक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है, ऐसे में यह पहल उनकी पढ़ाई को आसान बनाने में मदद करेगी।
ग्रामीण छात्राओं के लिए शिक्षा का नया सहारा
कॉलेज के प्रिंसिपल महकार सिंह ने कहा कि आर्थिक तंगी और यातायात की कमी के कारण ग्रामीण इलाकों की कई छात्राएं पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब की ओर से दी गई साइकिलें सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। प्रिंसिपल ने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के भविष्य को मजबूत बनाती है। अगर बेटियां शिक्षित होंगी तो पूरा समाज आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने भी खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की पहल
रोटरी क्लब के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि कोई भी बालिका संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि महिला शिक्षा और सशक्तिकरण किसी भी विकसित समाज की मजबूत नींव होती है। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






