नोएडा पुलिस ने फर्जी टूर पैकेज बेंचकर ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 14 फर्जी मोहरे 15 फर्जी समझौते ज्ञापन बरामद

top-news
नोएडा पुलिस ने फर्जी टूर पैकेज बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले रेंजर्स क्लब कंपनी के तीन डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से फर्जी पर्यटन मंत्रालय दस्तावेज, मोहरें, मोबाइल और कार बरामद हुई। पुलिस बैंक खातों और अन्य पीड़ितों की जांच कर रही है।

नोएडा के सेक्टर-24 थाना पुलिस ने देश-विदेश में टूर पैकेज भेजने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने लॉजिक्स मॉल में ऑफिस चलाने वाली ‘रेंजर्स क्लब’ कंपनी के तीन डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर लोगों को महंगे टूर पैकेज बेचने और बाद में सुविधाएं न देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी पर्यटन मंत्रालय के आईकार्ड, मोहरें, विजिटिंग कार्ड, फर्जी समझौता ज्ञापन और घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पिछले कई वर्षों से लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहा था। कई पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


फर्जी मंत्रालय दस्तावेज दिखाकर लोगों को बनाते थे शिकार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी बड़ी कंपनी का डायरेक्टर बताकर लोगों को आकर्षक ऑफर देते थे। देश और विदेश घूमाने के नाम पर भारी रकम वसूली जाती थी। आरोपियों ने मिनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म के नाम से फर्जी दस्तावेज और आईकार्ड तैयार कर रखे थे, जिन्हें दिखाकर ग्राहकों का भरोसा जीता जाता था। लोगों को लक्जरी होटल, फ्लाइट टिकट और प्रीमियम सुविधाओं का वादा किया जाता था, लेकिन पैसा लेने के बाद सुविधाएं नहीं दी जाती थीं। पुलिस ने मौके से 3 फर्जी आईकार्ड, 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 फर्जी मोहरें और 15 फर्जी एमओयू दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा 3 मोबाइल फोन, 7100 रुपए नकद और एक क्रेटा कार भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की है और बैंक खातों की जांच की जा रही है।


लॉजिक्स मॉल में चलता था ऑफिस, शिकायत के बाद पुलिस ने मारा छापा

पुलिस के अनुसार सेक्टर-32 स्थित लॉजिक्स मॉल में कंपनी का ऑफिस संचालित किया जा रहा था। यहां लोगों को बुलाकर महंगे पैकेज बेचे जाते थे। जब ग्राहकों को वादा की गई सुविधाएं नहीं मिलीं, तो कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद सेक्टर-24 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे लालच में लोगों से पैसे लेकर सुविधाएं नहीं देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *