ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, कार ड्राइवर की मौत एक घायल
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो सड़क पर कई बार गोल-गोल घूमती हुई डिवाइडर से जा टकराई और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में अलीगढ़ निवासी ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद गुरुदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर घूमती दिखाई दे रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है।
सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार में दौड़ रही थी स्कॉर्पियो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में सायरन बज रहा था और वाहन काफी तेज गति से सड़क पर दौड़ रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद स्कॉर्पियो सड़क पर कई बार घूमती चली गई। तेज रफ्तार होने की वजह से चालक गाड़ी संभाल नहीं पाया और वाहन सीधे डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर ज्यादा वाहन होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान ऋषभ की मौत हो गई, जबकि घायल गुरुदेव का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से सड़क पर सावधानी से वाहन चलाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील भी की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






