शारदा यूनिवर्सिटी में वेतन कटौती पर बवाल, 50 से ज्यादा कर्मचारियों की काटी गई सैलरी, श्रमिको ने दी आंदोलन करने की चेतावनी
- Shiv Kumar
- 11 May, 2026
ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ फार्मेसी में कर्मचारियों की सैलरी कटौती को लेकर विवाद गहरा गया है। यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों और श्रमिकों ने प्रबंधन पर वेतन से मनमाने तरीके से कटौती करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि 50 से 60 से अधिक श्रमिकों की सैलरी से करीब 1000-1000 रुपए काटे गए हैं। खास बात यह है कि जिन कर्मचारियों की मासिक सैलरी करीब 9000 रुपए है, उन्हीं के वेतन में कटौती की गई है। मामले को लेकर सोमवार सुबह यूनिवर्सिटी परिसर में बैठक भी बुलाई गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
पीएफ और वेतन कटौती को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी
कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन और पीएफ में कटौती को लेकर प्रबंधन ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मेहनत की कमाई में इस तरह कटौती करना गलत है। श्रमिकों का कहना है कि पहले भी कई बार इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। सोमवार सुबह हुई बैठक में भी कर्मचारियों को किसी तरह का लिखित भरोसा नहीं दिया गया। इससे कर्मचारियों का गुस्सा और बढ़ गया। कुछ कर्मचारियों ने कहा कि इतनी कम सैलरी में परिवार चलाना पहले ही मुश्किल है, ऊपर से वेतन कटौती ने परेशानी और बढ़ा दी है। अब कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। श्रमिकों ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर कटौती वापस नहीं ली गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रबंधन ने कहा- आंतरिक मामला, जल्द होगा समाधान
मामले पर शारदा यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी ने फोन पर बातचीत में इसे आंतरिक मामला बताते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया है। दूसरी तरफ स्थानीय श्रम संगठनों ने भी कर्मचारियों के समर्थन का ऐलान किया है। उनका कहना है कि श्रमिकों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को भी दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर समय रहते समाधान नहीं निकला तो यूनिवर्सिटी के बाहर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर ग्रेटर नोएडा में चर्चा तेज हो गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






