ग्रेटर नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद, बंद घर को बनाया निशाना, लाखों की नगदी और कीमती सामान लेकर फरार
- Shiv Kumar
- 11 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सेक्टर एमयू-1 में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपए की नगदी, ज्वेलरी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत और नाराजगी का माहौल है। जानकारी के मुताबिक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। बदमाश लोहे की रॉड से घर के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर घुसे और पूरे घर में रखे सामान को खंगाल डाला। चोर नगदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
5 दिन बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित परिवार जब 6 मई को वापस लौटा तो घर का टूटा गेट और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित लगातार थाना और चौकी के चक्कर काट रहा है। परिवार का कहना है कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रही है, इसके बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






