गौतमबुद्ध नगर में जनसमस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरु, सैकड़ों लोगों ने दिया समर्थन

top-news
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर जिला मुख्यालय पर जनसमस्याओं को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलन में किसानों, युवाओं और स्थानीय लोगों की समस्याएं उठाई गईं।

गौतमबुद्ध नगर में जनहित और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार से जिला मुख्यालय सूरजपुर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हो गई। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने 11 मई 2026 को सुबह 10 बजे से भूख हड़ताल शुरू की। आंदोलन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर समर्थन दिया। संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर ने बताया कि यह आंदोलन कई जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में बिल्डरों द्वारा बड़े पैमाने पर भूजल दोहन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और जल संकट की समस्या बढ़ती जा रही है।


किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दे उठाए

भूख हड़ताल में किसानों की समस्याएं, निजी स्कूलों और अस्पतालों की मनमानी फीस, नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और लीज डीड के अनुसार किसानों के बच्चों को शिक्षा व इलाज में छूट जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इन मुद्दों को लेकर लंबे समय से संबंधित विभागों और अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा रहे थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला लिया गया।


सैकड़ों लोगों ने जताया समर्थन

आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान मास्टर दिनेश नागर, ब्रह्मपाल कपासिया, प्रेमराज भाटी, यतेंद्र नागर, राकेश नागर एडवोकेट, अनिल भाटी, विजय शर्मा, मलखान यादव, मोहित अधाना, गजराज भाटी समेत कई लोग मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। वहीं प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *