नोएडा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, लैपटॉप चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 31 लैपटॉप बरामद

top-news
नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने लैपटॉप चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 चोरी के लैपटॉप, नकदी, चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लैपटॉप चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 31 चोरी के लैपटॉप, तीन लैपटॉप बैग, 14 हजार रुपए नकद, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी देर रात मॉल, रेस्टोरेंट और भीड़भाड़ वाली जगहों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। सबसे पहले आरोपी छोटी टॉर्च की मदद से गाड़ियों के अंदर रखे लैपटॉप बैग को देखते थे और फिर पोर्टेबल मशीन से कार का शीशा तोड़कर कुछ ही सेकेंड में लैपटॉप चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने यह कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम सोरखा इलाके में की।


चोरी के बाद सुनसान जगहों पर छिपाते थे लैपटॉप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए लैपटॉप को तुरंत बेचने के बजाय पहले सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। मौका मिलने पर उन्हें बेच दिया जाता था और मिली रकम आपस में बांट ली जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लविश कुमार निवासी पतवाड़ी, अंकित यादव निवासी पतवाड़ी और राजेंद्र वर्मा निवासी अमेठी हाल निवासी सादुल्लापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी लंबे समय से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके खिलाफ सेक्टर-113, बीटा-2, सेक्टर-39 और सूरजपुर थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था, जिससे लोगों को चोरी का पता भी देर से चलता था।


फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसके अलावा टॉर्च, शीशा तोड़ने वाली पॉकेट मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का मानना है कि गैंग के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। वहीं लगातार हो रही वाहन और लैपटॉप चोरी की घटनाओं के खुलासे के बाद पुलिस अब अन्य साथियों की तलाश में भी जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *