साइड न देने पर की गाली-गलौच, फायरिंग भी किया, नोएडा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर में हाईवा चालक पर फायरिंग मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना साइड न देने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में हाईवा और स्विफ्ट कार चालकों के बीच हुए विवाद में फायरिंग करने वाले दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 21 अप्रैल 2026 को गांव दस्तमपुर से मिल्क करीमाबाद जाने वाली सड़क पर सोलर कंपनी के पास हुई थी। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि स्विफ्ट कार सवार युवकों ने हाईवा चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी थी। मामले में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


वैना बुड़ाका सर्विस रोड से हुई गिरफ्तारी

जेवर थाना पुलिस ने सोमवार को विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सागर पुत्र जयवीर और संगीत पुत्र प्रेमवीर को वैना बुड़ाका सर्विस रोड चौराहे से दबोचा। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।


पहले भी कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी सागर निवासी मंगरौली रोड, कस्बा जेवर पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, हमला और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों में केस दर्ज बताए गए हैं। वहीं दूसरे आरोपी संगीत निवासी ग्राम थौरा पर भी मारपीट और विवाद से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।


पहले दो आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए 23 अप्रैल 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए थे। अब इस मामले में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *