आनंद सरपंच की पहल रंग लाई, याकूबपुर सरकारी स्कूल में फिर शुरू हुई आरओ वाटर सप्लाई, लंबे समय से बंद पड़ी थी आरओ मशीन

top-news
नोएडा फेस-2 के याकूबपुर सरकारी स्कूल में लंबे समय से बंद पड़ी आरओ मशीन आनंद सरपंच की पहल के बाद फिर से चालू हो गई। अब बच्चों को स्कूल में साफ और ठंडा पीने का पानी मिल रहा है।

नोएडा फेस-2 के याकूबपुर स्थित सरकारी स्कूल में लंबे समय से बंद पड़ी आरओ मशीन आखिरकार फिर से चालू हो गई है। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सरपंच की सक्रिय पहल और दबाव के बाद कंपनी को मशीन ठीक करनी पड़ी। अब स्कूल के बच्चों को फिर से साफ और ठंडा पीने का पानी मिलने लगा है, जिससे स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।


शिक्षकों की शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक स्कूल की आरओ मशीन काफी समय से खराब पड़ी थी। शिक्षक लगातार संबंधित कंपनी को फोन कर मशीन ठीक कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। गर्मी के मौसम में बच्चों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सरपंच से संपर्क किया और पूरी समस्या बताई। मामले की जानकारी मिलते ही आनंद सरपंच ने तुरंत संबंधित अधिकारियों और कंपनी से बात की। बताया जा रहा है कि उन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर सख्त नाराजगी जताई। इसके बाद कंपनी हरकत में आई और आरओ मशीन को ठीक कर दिया गया।


बच्चों को मिलने लगा शुद्ध पानी

आरओ मशीन चालू होने के बाद अब स्कूल के बच्चों को साफ और ठंडा पानी मिल रहा है। स्कूल स्टाफ का कहना है कि लंबे समय बाद बच्चों को राहत मिली है। गर्मी के कारण पानी की समस्या लगातार बढ़ रही थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है।


ग्रामीणों ने की सराहना

याकूबपुर के ग्रामीणों और अभिभावकों ने आनंद सरपंच की पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं देता, तब ऐसे जनप्रतिनिधि आगे आकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *