गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

top-news
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वतंत्र सिंह, संतोष कुमार मिश्रा और अभय मिश्रा समेत कई अफसरों ने नया कार्यभार संभाल लिया है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कई अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में 7 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों के बाद अधिकारियों ने अपने-अपने पदों का कार्यभार भी संभाल लिया है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।


स्वतंत्र सिंह बने एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा

नई तैनाती के तहत स्वतंत्र सिंह को एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जितेंद्र कुमार सिंह को एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा बनाया गया है। इसके अलावा अनिल कुमार पांडेय को नोएडा जोन सर्किल-2 का एसीपी नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।


संतोष कुमार मिश्रा को फिर मिला बड़ा प्रभार

प्रशासनिक फेरबदल में संतोष कुमार मिश्रा को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा का चार्ज दिया गया है। वहीं अभय मिश्रा को प्रभारी एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक बनाया गया है। अधिकारियों का मानना है कि ट्रैफिक व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए यह बदलाव किए गए हैं।


पहले भी कई अधिकारियों को मिला था अतिरिक्त प्रभार

इससे पहले 4 मई को भी कमिश्नरेट में कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई थीं। आईपीएस अधिकारी साद मियां खां को पुलिस उपायुक्त नोएडा के साथ एफआरआरओ और नारकोटिक्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। वहीं रवि शंकर निम को पुलिस उपायुक्त मुख्यालय और प्रोटोकॉल के साथ पुलिस उपायुक्त लाइंस की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी क्रम में शैलेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा के साथ डीसीपी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। जबकि शैव्या गोयल को महिला सुरक्षा, साइबर, अभिसूचना एवं सुरक्षा और कानून व्यवस्था की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *