गौतमबुद्ध नगर के दादरी पुलिस को बड़ी सफलता, वाहन चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 2 अवैध चाकू और कई मोटरसाइकिल बरामद
- Shiv Kumar
- 12 May, 2026
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की दादरी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 11 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। दोनों आरोपियों को रूपवास गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र राजेंद्र और अर्जुन पुत्र जयवीर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी फिलहाल दिल्ली के हरकेशनगर ओखला फेज-2 इलाके में रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि दोनों शातिर तरीके से अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने का काम करते थे। बरामद वाहनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश नंबर की कई बाइक और स्कूटी शामिल हैं।
दिल्ली और एनसीआर में सक्रिय था गैंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी गौरव की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी अर्जुन कासगंज का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन पर नई दिल्ली के गोविंदपुरी और जैतपुर थाने में वाहन चोरी से जुड़े केस दर्ज हैं। दादरी पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
9 बाइक और 3 स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बजाज सिटी 100, हीरो होंडा पैशन, स्प्लेंडर प्लस, हीरो HF डीलक्स और एफ-जेड समेत कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर सहित 3 स्कूटी भी बरामद हुई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद वाहनों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। दादरी पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद 2 अवैध चाकू भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए वाहनों को कहां बेचा जाता था और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। कमिश्नरेट पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






