ग्रेनो में नव विवाहिता मोनिका के हत्या का मामला, पति ने गला दबाकर की थी हत्या, शव को जंगल में जलाने की कोशिश, पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा

top-news
ग्रेटर नोएडा के दादरी में नवविवाहिता मोनिका नागर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति अनुज चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गला दबाकर हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।

ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में नवविवाहिता मोनिका नागर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी पति अनुज चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है।


गला दबाकर की हत्या, फिर शव जलाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनुज चौहान ने पहले मोनिका की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद वह शव को कार में रखकर जंगल की ओर ले गया। आरोपी ने श्मशान घाट से अलग सुनसान जगह पर पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया ताकि पहचान मिटाई जा सके। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।


तीन महीने पहले हुई थी लव मैरिज
बताया जा रहा है कि मोनिका नागर और अनुज चौहान ने करीब तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों के रिश्ते सामान्य बताए जा रहे थे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगे। पुलिस को जांच में यह भी जानकारी मिली है कि मृतका मोनिका के नाम करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी थी। इसी संपत्ति को लेकर विवाद और लालच हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस अब आर्थिक पहलुओं और दोनों के रिश्तों की भी गहराई से जांच कर रही है।


दादरी पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दादरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अनुज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *