ग्रेटर नोएडा में बिजली कटौती पर बवाल, उपकेंद्र पर ग्रामीणों का हंगामा, कर्मचारी के ट्रांसफर के बाद आपूर्ति बाधित

top-news
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर यीडा सेक्टर-28 उपकेंद्र पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ट्रांसफर विवाद के बाद फीडर बंद करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित यीडा सेक्टर-28 बिजली उपकेंद्र पर मंगलवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। बिजली कटौती से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में उपकेंद्र पहुंच गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक निविदा कर्मचारी के ट्रांसफर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बिजली आपूर्ति तक बाधित हो गई। अचानक कई गांवों की बिजली गुल होने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की। हालात बिगड़ते देख पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की।


ट्रांसफर के बाद बढ़ा विवाद, फीडर बंद करने का आरोप

जानकारी के मुताबिक दनकौर के एसडीओ अजय गुप्ता ने निविदा कर्मचारी सुरजीत का ट्रांसफर किया था। इसके बाद उपकेंद्र पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी शराब के नशे में उपकेंद्र पहुंचा और गुस्से में फीडर बंद कर दिया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कटते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना था कि गर्मी के मौसम में घंटों बिजली बाधित रहने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और कर्मचारियों के विवाद का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।


वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। बताया जा रहा है कि एसएसओ सनी चौधरी पर पहले भी विभाग विरोधी गतिविधियों और अवैध वसूली जैसे आरोप लग चुके हैं। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मिली शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है, लेकिन ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *