ग्रेटर नोएडा के जेवर में साइड देने के विवाद में युवकों पर हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा, एक गंभीर
- Shiv Kumar
- 13 May, 2026
जेवर क्षेत्र में शादी समारोह में जा रहे युवकों पर रास्ते में हमला कर दिया गया। कार से साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने युवकों को लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से जमकर पीटा। इस घटना में कई युवक घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल युवक को दिल्ली रेफर करना पड़ा। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा जा रहे थे युवक, रास्ते में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ के थाना टप्पल क्षेत्र के गांव बिरजा नगला निवासी शिव सिंह ने जेवर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात गांव के विजय सिंह की बेटी की सगाई हरियाणा के गांव रसूलपुर में थी। उनका बेटा ललित अपने दोस्तों आशु, निखिल, बिट्टू और अनिकेत के साथ कार से समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में पलवल रोड पर गांव झुप्पा के सामने उनकी कार का आगे चल रही एक स्विफ्ट कार से साइड देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्विफ्ट कार चला रहे हरेंद्र भाटी ने अपने गांव से कई लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
दिल्ली एम्स रेफर, पुलिस कर रही जांच
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने युवकों को लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से बेरहमी से पीटा। घटना में कई युवक घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल ललित की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स दिल्ली रेफर किया गया है। संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






