नोएडा में गन्ने के जूस में बर्फ डालने को लेकर हुआ बवाल, ग्राहक और दुकानदार के बीच मारपीट, जमकर चले लाठी डंडे

top-news
नोएडा के सेक्टर-76 में गन्ने के जूस में बर्फ डालने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हिंसक हो गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी के पास गन्ने के जूस में बर्फ डालने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क मारपीट शुरू हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सोसायटी के सामने एक गन्ने के जूस की दुकान पर कार से दो युवक पहुंचे थे। युवकों ने दुकानदार से बिना बर्फ वाला जूस बनाने को कहा था, लेकिन दुकानदार ने गलती से जूस में बर्फ डाल दी। इस पर ग्राहकों ने जूस लेने से इनकार कर दिया। दुकानदार पैसे मांगने लगा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।


दुकानदार के समर्थन में पहुंचे लोग, बीच सड़क हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद दोनों युवक कार से बाहर निकले और दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग दुकानदार के समर्थन में आ गए और उन्होंने भी युवकों की पिटाई कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर जमा हो गए और बीच सड़क लाठी-डंडे चलने लगे। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे को दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर माहौल शांत कराया। घटना के कारण कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने पास की बिल्डिंग से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वीडियो के आधार पर ग्राहकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *