नोएडा में जल्द शुरु होगा सिटी बस सेवा, ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए बनाया जाएगा ऐप, जानिए कितना होगा किराया

top-news
नोएडा में जल्द इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 50 बसें चलेंगी, जिनका किराया 10 रुपये प्रस्तावित है और टिकटिंग पूरी तरह डिजिटल होगी।

नोएडा में लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शहर में जल्द ही सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बीच जल्द एमओयू साइन होने की तैयारी है। पहले चरण में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिनका न्यूनतम किराया 10 रुपये प्रस्तावित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मई के अंत तक बस सेवा शुरू हो सकती है। इस सेवा के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और जेवर एयरपोर्ट तक सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खास बात यह है कि पूरी व्यवस्था डिजिटल और पेपरलेस होगी।


मोबाइल ऐप से टिकट और पास की सुविधा

अधिकारियों के अनुसार, सिटी बस सेवा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया जाएगा। यात्री इसी ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे और मासिक व वार्षिक पास भी बनवा सकेंगे। बसों का संचालन 15-15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। कुल 45 बसें नियमित रूप से चलेंगी, जबकि 5 बसों को स्टैंडबाय रखा जाएगा। पहले चरण में करीब 2 लाख लोगों को इसका फायदा मिलने का अनुमान है। बसें उन इलाकों में भी चलाई जाएंगी, जहां फिलहाल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है।


डबल डेकर बसें भी होंगी शामिल

इस योजना के तहत 10 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी चलाई जाएंगी। ये बसें बॉटेनिकल गार्डन से परी चौक तक संचालित होंगी। इसके अलावा 9 मीटर और 12 मीटर लंबाई वाली बसें अलग-अलग रूटों पर चलेंगी। बसों के संचालन के लिए सेक्टर-90 में हाईटेक बस डिपो तैयार किया जा रहा है। यहां ई-चार्जिंग स्टेशन, सर्विस सेंटर, ड्राइवर और कंडक्टर के लिए रेस्ट रूम और कार्यालय की सुविधा भी होगी। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-90 डिपो में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां एक साथ 50 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन और मोरना डिपो पर भी चार्जिंग पॉइंट तैयार किए जा चुके हैं।


दिल्ली, गाजियाबाद और एयरपोर्ट तक मिलेगा सीधा कनेक्शन

नोएडा की सिटी बसें सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार आईएसबीटी और गाजियाबाद तक भी जाएंगी। इससे रोजाना नौकरी और पढ़ाई के लिए सफर करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। चार मुख्य रूटों को फिलहाल अंतिम रूप दिया गया है, जिनमें बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सेक्टर-62, ग्रेटर नोएडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि किराया और संचालन से जुड़ी अंतिम रूपरेखा जल्द तय कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *