ग्रेटर नोएडा में शहीद दरियाव सिंह नागर की मनाई गई पुण्यतिथि, उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया
- Shiv Kumar
- 14 May, 2026
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में गुरुवार को 1857 की क्रांति के अग्रणी योद्धा शहीद दरियाव सिंह नागर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। गांव स्थित शहीद दरियाव सिंह नागर चौक पर ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और शहीद के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए गए। लोगों ने कहा कि दरियाव सिंह नागर ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर क्षेत्र का नाम रोशन किया था और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अंग्रेजों के खिलाफ डटकर लड़ी थी लड़ाई
शहीद गुर्जर दरियाव सिंह नागर सेवा समिति के सदस्य मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि दरियाव सिंह नागर 1857 की क्रांति के प्रमुख योद्धाओं में शामिल थे। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ खुलकर मोर्चा संभाला और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। ग्रामीणों के अनुसार, अंग्रेजों ने 14 मई 1857 को उन्हें काले आम पर फांसी दी थी। बताया गया कि दरियाव सिंह नागर ने अंग्रेजों को बंधक बनाकर खेतों में हल तक चलवाए थे। उनके साहस और रणनीति से अंग्रेज इतने भयभीत थे कि ग्रामीण इलाकों में गश्त करने से भी डरते थे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे वीर सपूतों की बदौलत ही देश को आजादी मिली।
युवाओं से शहीदों के आदर्श अपनाने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के बारे में जानकारी होना बेहद जरूरी है। लोगों ने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्रहित में कार्य करके भी इसे साबित करना चाहिए। इस मौके पर राकेश नागर, ब्रह्म प्रधान, संजय सरपंच, सुमित नागर, धनपाल मास्टर, बलराज नागर, पवन नागर, दीपक नागर, कपिल, गौरव, अमनेश नागर, गुल्लू, यूसुफ, रिंकू, रितिक, सुरेन्द्र कुमार, राहुल, कुणाल, लवीश और रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






