ग्रेटर नोएडा में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, सपा सांसद ने प्रधानमंत्री पर किया था अमर्यादित टिप्पणी
- Shiv Kumar
- 14 May, 2026
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और सपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही। भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
भाजपा ने अखिलेश यादव से मांगी माफी
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा सांसद अजमेंद्र लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी की है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता और देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इसी विरोध में भाजपा संगठन पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रहा है और ग्रेटर नोएडा में भी कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया। शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं द्वारा लगातार राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
सांसद के खिलाफ कार्रवाई की उठी मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। भाजपा पदाधिकारियों का कहना था कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद पर हैं और उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संबंधित सांसद को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही, तो पार्टी आगे भी विरोध प्रदर्शन करेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






