ग्रेटर नोएडा में तेज तूफान में मकान की दीवार गिरी, आइसक्रीम फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर घायल

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में तेज तूफान के दौरान मकान की दीवार आइसक्रीम फैक्ट्री पर गिर गई। हादसे में चार कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में बुधवार रात आए तेज तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। कस्बे में एक मकान की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक ढहकर नीचे स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री के शेड पर गिर गई। हादसे के समय फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे, जिससे चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चल रहा है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।


मलबे में दबे कर्मचारियों को लोगों ने निकाला बाहर

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विनोद, रानी, वशील और नसीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे फैक्ट्री का शेड क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले दनकौर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद फैक्ट्री और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मलबा हटाने का काम शुरू कराया।


मकान मालिक पर लापरवाही के आरोप

कस्बा निवासी अमित सैनी ने इस मामले में पुलिस को शिकायत देते हुए मकान मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके घर के पास स्थित मकान का निर्माण कार्य कई महीनों से अधूरा पड़ा था और उसकी दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। अमित सैनी का कहना है कि उन्होंने कई बार मकान मालिक को दीवार की मरम्मत और मजबूती के लिए कहा था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। दनकौर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *