यमुना एक्सप्रेस-वे पर झपकी बनी मौत की वजह, तेज रफ्तार पिकअप ट्रक में घुसी, कार चालक की मौत

top-news
नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार पिकअप ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में अलीगढ़ निवासी चालक मोहित की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।

नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से परीचौक की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी पीछे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक मोहित पुत्र नेत्रपाल, निवासी अलीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बोनट करीब छह फीट तक ट्रक के नीचे घुस गया। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और पीछे से आने वाले वाहनों को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात दोबारा सामान्य कराया गया। हादसे की तस्वीरें देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सिहर उठे।


नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

पुलिस के मुताबिक, पिकअप गाड़ी नंबर UP81FT5363 आगरा से परीचौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक नंबर HR38AB1039 से उसकी पीछे से जोरदार भिड़ंत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को संभवतः नींद की झपकी आ गई थी, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक में जा टकराया। बताया गया कि ट्रक पर ट्रैक्टर लोड थे और पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में वाहन में फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


120 की रफ्तार ने छीनी जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय पिकअप की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। तेज गति के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। बोनट से लेकर पीछे तक पूरी गाड़ी बुरी तरह चकनाचूर हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार और लंबी दूरी तक लगातार ड्राइविंग ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी यात्रा के दौरान थकान महसूस होने पर वाहन रोककर आराम जरूर करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *