ग्रेटर नोएडा में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, वीडियो जारी कर दी आत्महत्या की धमकी, विधायक-पुलिस पर लगाए आरोप
- Shiv Kumar
- 15 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब शिवम नाम का एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना जारचा थाना क्षेत्र की है, जहां दोपहर करीब 2 बजे युवक अचानक टावर पर चढ़ गया और वहां बैठकर वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में उसने आत्महत्या की धमकी दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतारने की कोशिश कर रही है, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी वह टावर से नीचे नहीं उतरा। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
वीडियो में पुलिस और विधायक पर लगाए आरोप
युवक ने वायरल वीडियो में पुलिस और स्थानीय विधायक पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन और सतर्क हो गया। अधिकारियों ने युवक से फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार समझाने में जुटे रहे ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। घटना के चलते आसपास के इलाके में तनाव जैसी स्थिति बन गई और लोग टावर के नीचे जमा होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता है। इसी वजह से हर कदम बेहद सावधानी के साथ उठाया जा रहा है। युवक की मानसिक स्थिति और उसके आरोपों की भी जांच की जा रही है।
तीन घंटे बाद NDRF को बुलाया गया
करीब तीन घंटे तक युवक के टावर पर बैठे रहने के बाद प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस के मुताबिक युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वह अपने एक दोस्त के साथ गांजा पीकर आया था और उसने पहले ही कहा था कि वह पुलिस को परेशान करेगा। पुलिस ने यह भी बताया कि युवक पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल राहत और बचाव टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मौके पर भीड़ न लगाने की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






