ग्रेटर नोएडा में देर रात चौराहे पर फायरिंग, युवक गंभीर रुप से घायल, पुलिस कर रही मामले की जाँच

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर मुख्य चौराहे पर गुरुवार रात फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नोएडा रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर कस्बे में गुरुवार रात मुख्य चौराहे पर हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत नाजुक होने पर उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौराहे पर अचानक एक व्यक्ति ने गोली चला दी, जो वहां खड़े एक युवक को जा लगी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर

अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।


नशे में होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति कथित तौर पर नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है। फायरिंग किस वजह से हुई और आरोपी का घायल युवक से क्या संबंध था, यह अभी साफ नहीं हो सका है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और लोग बाजार व चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।


सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश

पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना आपसी रंजिश का परिणाम थी या किसी अन्य वजह से फायरिंग की गई। घायल युवक की पहचान और उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *