नोएडा में पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, मार्केट से चोरी की वारदात को देते थे अंजाम, 15 लाख का सामान बरामद
- Shiv Kumar
- 15 May, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाली मार्किटों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 18 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय चोरी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से बाजारों में लोगों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं कर रहे थे और लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
एफएनजी रोड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को एफएनजी रोड से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नंगली वाजिदपुर निवासी महेंद्र और जुनैद उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी खासतौर पर साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाते थे, जहां लोगों की जेब और बैग से मोबाइल व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी का सामान दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस कर रही पुराने मामलों की जांच
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से बरामद सामान के आधार पर कई पुराने मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी किए गए मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान कहां बेचे जाते थे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






