नोएडा जिला अस्पताल में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

top-news
नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में गुरुवार देर रात एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक से मौत का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अस्पताल परिसर में शव मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक काफी देर तक अस्पताल में मौजूद रहा, लेकिन किसी कर्मचारी या सुरक्षाकर्मी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्टाफ से भी पूछताछ की गई है।


दूसरी मंजिल पर पड़ा मिला युवक का शव

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि नीरज गुरुवार रात इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल आया था। देर रात अस्पताल कर्मचारी फरीद बाबू जब राउंड पर पहुंचे तो दूसरी मंजिल पर युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान युवक के हाथ में अस्पताल का पर्चा बरामद किया। जानकारी के मुताबिक उसने एक रुपये देकर ओपीडी पर्चा बनवाया था। हालांकि उस पर्चे पर उसका पूरा पता दर्ज नहीं मिला, जिससे पहचान और परिजनों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।


मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों की तलाश

पुलिस अब पर्चे पर दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक के परिवार और पते की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। वहीं अस्पताल में इस तरह युवक का शव मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *