कार में लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्टिगा बरामद
- Shiv Kumar
- 15 May, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर लोगों से लूटपाट करने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनसीआर क्षेत्र में अर्टिगा कार में सवारियों को बैठाते थे और फिर अवैध हथियार दिखाकर डराते हुए यूपीआई और एटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर करा लेते थे। पुलिस ने आरोपियों को स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन चाकू और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरोह लोगों को सुनसान रास्तों पर छोड़कर फरार हो जाता था। पकड़े गए आरोपियों में नसीम अली, अभिषेक कुमार, विवेक, कार्तिक ठाकुर और मनोज कुमार शामिल हैं। इनमें से कई आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
यूपीआई और एटीएम से ट्रांसफर कराते थे पैसे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खासतौर पर देर रात या सुनसान इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे। पहले कार में लिफ्ट देने के बहाने सवारी बैठाते और फिर तमंचा या चाकू दिखाकर मोबाइल, एटीएम और बैंक खातों की जानकारी ले लेते थे। इसके बाद पीड़ितों से यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान इलाके में उतारकर फरार हो जाते थे। गिरोह लंबे समय से एनसीआर में सक्रिय था। पुलिस को आरोपियों के पास से मिली कार पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए लगातार वाहन नंबर बदलते थे।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस
गिरफ्तार आरोपियों में नसीम अली और मनोज कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। नसीम पर आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनोज कुमार पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत भी केस चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। सेक्टर-39 पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आसपास के थानों से भी इनका रिकॉर्ड खंगाल रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अनजान वाहनों में लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






