नोएडा के सेक्टर 2 में लगी भीषण आग, आसमान में छाया काला धुआ, मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम

top-news
नोएडा के सेक्टर-2 में एक बिल्डिंग की छत पर रखे कपड़ों के कट्टों में भीषण आग लग गई। काले धुएं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायर विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

नोएडा के सेक्टर-2 स्थित एक बिल्डिंग में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग बिल्डिंग की छत पर रखे कपड़ों के कट्टों में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना थाना फेज-1 क्षेत्र की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग बिल्डिंग से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए पूरी बिल्डिंग को नीचे से खाली करवाया गया ताकि कोई जनहानि न हो। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।


काले धुएं से इलाके में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में छत से ऊंची लपटें उठने लगीं। कपड़ों के कट्टों में आग फैलने से धुएं का घना गुबार आसमान में छा गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। आग के दौरान बिल्डिंग में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए आग को दूसरी मंजिलों तक फैलने से रोक लिया। इस दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।


फायर विभाग ने समय रहते पाया काबू

फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद फायर टीम ने पूरी बिल्डिंग की जांच की ताकि कहीं दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। पुलिस और फायर विभाग अब नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *